रायपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रदेश के एक छोर से दूसरे छोर तक निवास करने वाले आदिवासी समाज में उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है. समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में रैली निकालकर गाजे-बाजे के साथ नृत्य करते हुए उत्साह का संचार कर रहे हैं. ऐसे में सक्ती में आयोजित समाज के कार्यक्रम में बवाल हो गया. जहां बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लियI I
सक्ती में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाज के लोग और राजनीतिक दल के नेता एकलव्य आदर्श स्कूल में आदिवासी छात्र की मौत पर अधिकारियों से न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे. लोग तत्काल दोषियों के खिलाफ एफआईआर की मांग कर रहे थे. माहौल बिगड़ने की आशंका पर पुलिस ने जोगी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अर्जुन राठौर को हिरासत में लिया. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी I
प्रदेश में आदिवासी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की कड़ी में भानुप्रतापपुर में आदिवासी समाज ने उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया. इस दौरान गोंडवाना भवन से निकली रैली नगर के भानुप्रताप देब चौक पहुंची, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. इसके बाद समाज के लोग मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अंतागढ़ रवाना हुए I
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली के पूर्व प्रोफेसर डॉ. लक्ष्मण यादव भी भानुप्रतापपुर पहुंचे थे. पत्रकारों से चर्चा के दौरान डॉ. लक्ष्मण यादव ने आदिवासी समाज के उत्थान, शिक्षा और सामाजिक विकास को लेकर अपने विचार रखे. उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा, संगठन और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है I
सारंगढ़ में भी विश्व आदिवासी दिवस जिले में पारंपरिक उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत गोंडवाना भवन में पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां समाज के लोगों ने अपनी संस्कृति और परंपराओं को याद करते हुए एकजुटता का संदेश दिया. इसके पश्चात भव्य रैली निकाली गई, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया I
ढोल-नगाड़ों की थाप और लोकगीतों की गूंज के बीच रैली शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जिसने आमजन का ध्यान आकर्षित किया. रैली का समापन कृषि उपज मंडी प्रांगण में हुआ, जहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कलाकारों ने लोकनृत्य और गीतों के माध्यम से आदिवासी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से उनके गहरे संबंध को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया. आयोजन ने आदिवासी समाज की पहचान, एकता और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का संदेश दिया I
गरियाबंद के देवभोग में भी विश्व आदिवासी दिवस धूम धाम से मनाया गया. सर्व आदिवासी समाज के तत्वाधान में आयोजित इस आयोजन में देवभोग और अमलीपदर तहसील से बड़ी संख्या में समाज के महिला पुरुष पारंपरिक वेश में शामिल हुए. आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में अजजा शासकीय सेवक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष आर एन ध्रुव शामिल हुए I
स्थानीय वरिष्ठ आदिवासी नेताओं की उपस्थिति में जागरूकता रैली निकाल नगर भ्रमण भी किया गया. कोंडागांव और स्थानीय कलाकारों द्वारा रैली में प्रस्तुत पारम्परिक नृत्य आकर्षण का केंद्र बना रहा. जिले में देवभोग के अलावा गरियाबंद और मैनपुर में भी धूम धाम से विश्व आदिवासी दिवस मनाया गया I
ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरका सारंगढ़, आदिवासी दिवस पर लोकनृत्य ने बांधा समां
Source: Nation Sphere